संजय कुमार
Ranchi
राजधानी में चैन स्नैचिंग और बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए रांची पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 21.6 ग्राम सोना, 219.48 ग्राम चांदी और चोरी के अन्य सामान बरामद किए गए हैं, जिनकी बाजार में कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।

सिटी एसपी पारस राणा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में इस कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने डोरंडा थाना क्षेत्र के एक बंद मकान में चोरी की घटना को कबूल किया है। इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में हुई चैन स्नैचिंग की कई वारदातों में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह दिन के समय इलाके की रेकी कर बंद घरों को निशाना बनाता था। वहीं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मौका देखकर महिलाओं से चैन छीनकर फरार हो जाते थे। गिरोह का एक सदस्य चोरी के आभूषणों को गलाकर बाजार में ज्वेलर्स को बेच देता था, ताकि गहनों की पहचान न हो सके।
तकनीकी सेल की मदद से पकड़े गए आरोपी
रांची पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी सेल और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सभी आरोपियों को दबोचा। इनके पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं और इनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

सिटी एसपी ने बताया कि शहर में बढ़ रही चैन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इस गिरफ्तारी से कई मामलों के खुलासे की उम्मीद है।
आरोपियों को सलाखों तक पहुंचाने में थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद और डीएसपी प्रमोद मिश्रा की अहम भूमिका
पुलिस के अनुसार कल 21 ग्राम सोना बरामद हुआ जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3:30 लाख रुपया है वही लगभग डेढ़ लाख रूपए मूल्य के सोने के जेवर को गला कर बेच दी गई थी इस कार्रवाई में हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा गोंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है












