कैपिटल हिल–कावेरी होटल संचालक के पुत्र लव भाटिया का संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
Ranchi सिटी रिपोर्टर
रांची: राजधानी के जाने-माने होटल व्यवसायी आशीष भाटिया के पुत्र लव भाटिया का गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया″। मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। लालपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अस्पताल में तोड़ा दम
सूत्रों के अनुसार गुरुवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने पर लव भाटिया को गंभीर हालत में लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस ने परिजनों और डॉक्टरों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
व्यापारिक जगत में शोक
लव भाटिया शहर के चर्चित होटल–रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़े थे। परिवार का मेन रोड पर ‘पंजाब स्वीट्स’ और ‘होटल कैपिटल हिल’, चर्च कॉम्प्लेक्स में ‘कावेरी रेस्टोरेंट’ के साथ सर्कुलर रोड, हरमू और कांके रोड पर कावेरी की शाखाएं हैं। लव भाटिया सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट की शाखा का संचालन संभालते थे। उनके निधन की खबर से शहर के व्यापारिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है।
2009 में हो चुके थे अपहृत
लव भाटिया इससे पहले भी सुर्खियों में रहे हैं। वर्ष 2009 में पंजाब स्वीट हाउस बंद कर घर लौटते समय अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया था। इस मामले में आशीष भाटिया ने लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने बाद में उन्हें बरामद कर लिया था।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












