रांची में दबंगों का आतंक, पीड़ित को केस वापस लेने की धमकी
बिरसा चौक पूजा पंडाल के बाहर मारपीट, सोने की चेन लूटी, पत्नी-बेटी को दे रहे धमकी
Ranchi
राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मारपीट के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित को ही केस वापस लेने की धमकी दे रहे हैं। ताजा मामला डोरंडा थाना क्षेत्र के बिरसा चौक का है।
बिरसा चौक न्यू बंधु नगर निवासी सतेंद्र शर्मा ने डोरंडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, वह अपने दैनिक कार्य से लौटते समय गणेश पूजा पंडाल में दर्शन कर बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में राहुल राम, पीयूष और अमन नाम के युवकों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तब तक आरोपी स्कूटी संख्या JH01EL-3252 से फरार हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने सतेंद्र शर्मा के गले से सोने की चेन भी छीन ली।
घटना के बाद पीड़ित ने घायल अवस्था में अस्पताल में इलाज कराया। मेडिकल रिपोर्ट में शरीर पर कई जगह बाहरी और अंदरूनी चोट के निशान की पुष्टि हुई है।
पीड़ित का आरोप है कि अब नामजद आरोपी उसे केस वापस लेने के लिए धमका रहे हैं और एसटी-एससी केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा उनकी पत्नी और बेटी को भी अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।
आरोपियों के खुलेआम घूमने और लगातार धमकी मिलने से पूरा परिवार दहशत में है और भय के माहौल में जीने को मजबूर है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है।















