ईरान और इजराइल युद्ध का असर रांची में दिखा:पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़
गाड़ियों की लंबी कतारें: झारखंड पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने कहा “पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है पेट्रोल”
रांची:ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव का असर अब झारखंड की राजधानी रांची में भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लोग अपनी गाड़ियों में पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए कतारबद्ध नजर आए। कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी लाइनें सड़क तक पहुंच गईं, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।हालांकि झारखंड पेट्रोल डीलर एसोसिएशन ने पेट्रोल की किसी प्रकार की किल्लत से साफ इनकार करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और संयम बनाए रखने की अपील की है।
*पेट्रोल पंपों में गाड़ियों की लंबी लाईन*
,रांची के बिरसा चौक, डिबडीह, अरगोड़ा, कांके रोड, हरमू और रातू रोड स्थित कई पेट्रोल पंपों पर शुक्रवार सुबह से ही असामान्य भीड़ देखी गई। लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे।
स्थिति ऐसी हो गई कि कई पंपों पर वाहनों की कतार मुख्य सड़क तक पहुंच गई, जिससे आम लोगों को आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीड़ के कारण कई स्थानों पर हल्की नोकझोंक और अफरा तफरी की स्थिति भी बनी रही लेकिन प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति को सामान्य किया गया।
*लोगों में दिखी चिंता और नाराजगी*
बिरसा चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे संतोष पांडे ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात का असर सीधे आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि हालात बिगड़ने की संभावना थी तो पहले से बेहतर तैयारी की जानी चाहिए थी।उन्होंने कहा,“लोगों में डर का माहौल है। यदि पेट्रोल की सप्लाई प्रभावित हुई तो सबसे ज्यादा परेशानी आम आदमी को होगी।”वहीं डिबडीह ब्रिज स्थित पेट्रोल पंप पर लाइन में लगे अरगोड़ा निवासी अजीत तिर्की ने लोगों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण बनी है और ऐसे समय में घबराने के बजाय धैर्य रखना जरूरी है।उन्होंने कहा,“देश कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। ऐसे समय में अफवाह फैलाने या घबराने की बजाय सरकार के निर्देशों का पालन करना चाहिए।”

*झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने पेट्रोल की किल्लत के खबरों को बताया अफवाह*
वहीं ,झारखंड पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मानस सिन्हा ने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई व्यापक कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ कंपनियों की सप्लाई प्रभावित होने के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि एचपीसीएल और बीपीसीएल की आपूर्ति में तकनीकी और लॉजिस्टिक कारणों से कुछ दिक्कतें आ रही हैं, जिसके चलते उनके कुछ पेट्रोल पंपों पर दबाव बढ़ा है। वहीं इंडियन ऑयल की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।उन्होंने कहा,“पैनिक होने की कोई जरूरत नहीं है। राज्य में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।”











