रांची जिले के बरियातू थाना क्षेत्र के एदलहातु निवासी 8 वर्षीय मासूम शौर्य की निर्मम हत्या के आरोपी को रांची पुलिस ने मंगलवार देर रात कोडरमा के जयनगर रोड गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी संजू पांडा ने मासूम शौर्य को अगवा करने के एक घंटे बाद ही मार डाला था। शौर्य एदलहातु के आराधना गली का रहने वाला था। संजू पांडा शौर्य के घर में किरायेदार रह चुका था। मृतक बच्चे के घर में किरायेदार था आरोपीपुलिस के अनुसार संजू कुमार पांडा हजारीबाग का रहने वाला है।
कोडरमा जिले में उसका ससुराल बताया जा रहा है। आरोपी युवक एमबीए किए हुए है। कोरोना काल के पूर्व वह बंगलुरु में रहता था। बाद में वह शौर्य के पिता राजू गोप के घर में किरायेदार के रूप में रहने वाले अपने बहन और बहनोई के साथ ही रहा करता था। इस दौरान वह राजू गोप के बेटे शौर्य सहित पूरे परिवार से घुल मिल गया था। बाद में संजू रांची के ही पुंदाग में एक रूम लेकर रहने लगा था।
इसी बीच गलत संगत में फंस कर संजू कर्ज के चक्कर में फंस गया। उसे पांच लाख रुपये की जरूरत थी। संजू इस दौरान लगातार अपनी बहन के घर आता जाता था। इसी बीच उसे यह ख्याल आया कि अगर वह शौर्य को अगवा कर उसके पिता से फिरौती मांग लेगा तो उसे कर्ज चुकाने में मदद मिल जाएगी।