सदर प्रखंड के किलबिलनगर गांव निवासी रमेश मंडल की चेन्नई में हत्या के बाद स्वजनों में मातम है। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए सोमवार को बबलू किस्कु व पंचायत सचिव किबबिल नगर पहुंचे। डीलर के माध्यम से पीड़ित परिवार को 24 किलो अनाज दिया गया। मृतक की पत्नी को आश्वासन दिया कि उन्हें सरकारी सहायता दी जाएगी। बीडीओ सफीक आलम के निर्देश पर पंचायत सचिव स्वजनों से मिलने पहुंचे थे
उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी को आवास प्लस का लाभ दिया जाएगा। भीमराव आंबेडकर आवास के लिए आवेदन लिया गया। कहा कि दोनों आवास योजना में से एक का लाभ मिलेगा। विधवा पेंशन के लिए आवेदन देने के लिए कहा गया है। मृतक की पत्नी का आधार कार्ड में पता उनके पिता के घर का है..
इसलिए सुधार करने को कहा गया। आधार कार्ड में सुधार के बाद सामाजिक सुरक्षा के तहत तमाम लाभ दिया जाएगा। मृतका की पत्नी और भाइयों ने पंचायत सचिव व मुखिया को पूरी घटना की जानकारी दी।
श्रम विभाग के पास सटीक आंकड़ा नहीं है कि जिले से कितने मजदूर काम के लिए दूसरे राज्य गए हैं। श्रम विभाग के अनुसार जिले में 12663 मजदूरों ने आनलाइन निबंधन कराया है। मृतक के भाई चांदू मंडल ने बताया कि उनके साथ बड़े भाई रमेश के अलावा चंदन मंडल, जयराम मंडल, तमेश मंडल, सुजीत मंडल भी मजदूरी करने तमिलनाडु गए थे। केशव मंडल कर्नाटक में मजदूरी करता है। चांदू के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के अलावा अन्य प्रखंडों से करीब दो दर्जन मजदूर तमिलनाडु में मजदूरी करने गए थे। यहां वर्षों से मजदूरी करते आ रहे हैं।