लड़की माता-पिता का प्यार भूल प्रेमी के साथ रफूचक्कर हो गई। लेकिन इश्क का ये खुमार हफ्ते भर तो छोड़िए, दो दिन भी नहीं टिका। लड़की लौट कर घर वापस आ गई।हालांकि ससुराल वालों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन सच का सामना कर चुकी लड़की ने उनकी कोई बात नहीं मानी।
लड़का भी उसी इलाके के रहनेवाला है। हुआ कुछ यूं कि वो पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था। इसी बीच उसे सुल्तानगंज की एक लड़की से प्यार हो गया। प्यार ऐसा कि घर से भागकर शादी करने का प्लान बना लिया। प्लान के तहत दोनों शादी करने के लिए मंदिर में पहुंच गए। लेकिन बगैर गार्जियन के पुजारी ने शादी कराने से मना कर दिया
फिर लड़का प्रेमिका के साथ सुल्तानगंज के लिए रवाना हो गया। प्रेमिका को साथ लेकर लड़का दानापुर से भागलपुर जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन में सवार हो गया। बीच रास्ते में इश्क ने फिर जोर मारा। इसके बाद युवक ने चलती ट्रेन में ही युवती की मांग सिंदूर से भर दी। इस सीन को देख ट्रेन में सवार बाकी यात्री भी भौंचक्के रह गए। लेकिन इश्क का खुमार अभी भी नहीं टूटा था। दोनों इसके बाद लड़के के गांव पहुंच गए।
स्टेशन से उतरकर लड़का-लड़की घर पहुंचे। लड़के के घरवालों को शादी से कोई ऐतराज नहीं था। उन्होंने रिश्ते को मंजूरी भी दे दी। लेकिन युवती ने जब घर की हालत देखी तो उसके होश उड़ गए। उसने तो महलों जैसे ससुराल की कल्पना कर रखी थी। इसी बीच लड़की की मां ने उसे फोन कर दिया। लड़की की मां ने उसे कहा कि पहले वो पढ़ाई पूरी कर ले और फिर जहां चाहे वहां रहे.