रामगढ़। माननीय सांसद मनीष जायसवाल के सौजन्य से हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में पावन पर्व रामनवमी की गौरवशाली परंपरा, अखाड़ा संस्कृति एवं दंड कला के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से “सांसद दंड वितरण अभियान–2026” व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। यह अभियान न केवल हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य कर रहा है, बल्कि युवाओं को अनुशासन, संगठन और पारंपरिक युद्धकला से जोड़कर उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहा है।
इसी क्रम में रामगढ़ कैंट मंडल अंतर्गत सांसद सेवा केंद्र, माइनस रेस्क्यू, नयसराय में सांसद दंड वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह रामगढ़ विधानसभा के युवा नेता राजीव जायसवाल एवं श्री श्री रामनवमी पूजा महासमिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर तथा रामगढ़ कैंट मंडल सांसद प्रतिनिधि अनमोल सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा कैंट मंडल अध्यक्ष सुशांत पांडेय ने की, जबकि मंच संचालन जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ की गई, जिसके पश्चात अखाड़ा के सदस्यों एवं युवाओं के बीच दंड का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दंड प्राप्त करने के पश्चात युवाओं ने अखाड़ा कला के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा आगामी रामनवमी पर्व में अनुशासित एवं भव्य प्रदर्शन का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह रामगढ़ विधानसभा के युवा नेता श्री राजीव जायसवाल ने कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस दिन निकलने वाले जुलूसों में अखाड़ा के माध्यम से युवाओं द्वारा पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र, दंड एवं युद्धकला का प्रदर्शन हमारी गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित करता है।

उन्होंने आगे कहा कि “सांसद दंड वितरण अभियान” के माध्यम से माननीय सांसद का यह संकल्प है कि प्रत्येक अखाड़ा एवं प्रत्येक युवा के हाथ में दंड हो, जिससे हमारी परंपरा और अधिक सशक्त हो तथा आने वाली पीढ़ियां भी इससे प्रेरणा ले सकें।
श्री श्री रामनवमी पूजा महासमिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि अखाड़ा केवल प्रदर्शन का मंच नहीं, बल्कि यह अनुशासन, शारीरिक क्षमता एवं मानसिक दृढ़ता का केंद्र है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवाओं को सही मार्गदर्शन मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा अध्यक्ष शीतल सिंह, प्रवीण सोनू, सांसद मीडिया प्रतिनिधि धनंजय पुटश, सत्यजीत सिंह, रोबिन गुप्ता, रमेश महतो, अजीत गुप्ता सहित श्री श्री रामनवमी महासमिति के ओमप्रकाश कुशवाहा, अविनाश राम, संतोष पासवान, राहुल शर्मा, अंकित सिंह, धीरज गुप्ता, महेश चौधरी, संतोष कुमार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में अखाड़ा के सदस्य, पदाधिकारी एवं स्थानीय श्रद्धालुजन कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि आगामी रामनवमी पर्व को और अधिक भव्य, दिव्य एवं अनुशासित रूप में मनाया जाएगा तथा अखाड़ा परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।













