डालटनगंज: पलामू जिले के मरीजों के लिए पारस एचइसी हॉस्पिटल, रांची ने डालटनगंज में एक नए इंफॉर्मेशन सेंटर का शुभारंभ किया है। जेल हाता चौक, एसबीआई बैंक के पास स्थित इस सेंटर का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इस इंफॉर्मेशन सेंटर की सबसे खास सुविधा टेली-कंसल्टेशन होगी। इसके माध्यम से मरीज अब बिना रांची गए, वीडियो कॉल के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे जुड़ सकेंगे। उच्च गुणवत्ता वाले कैमरा सेटअप के जरिए डॉक्टर और मरीज आमने-सामने बातचीत कर सकेंगे, जिससे सही और त्वरित सलाह मिल सकेगी।

पारस हॉस्पिटल की सेवा अब डालटनगंज शहर में भी, फिजिकल ओपीडी की सुविधा
इसके अलावा समय-समय पर पारस रांची के विशेषज्ञ डॉक्टर डालटनगंज आकर फिजिकल ओपीडी भी करेंगे, जिससे मरीजों को घर के पास ही विशेषज्ञ जांच की सुविधा मिलेगी। वहीं, सेंटर के उद्घाटन पर मरीजों के लिए बीपी और शुगर की जांच निशुल्क सुविधा उपलब्ध रहेगी। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को रांची ले जाकर उनके उचित इलाज के लिए सेंटर आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।
बुधवार को इस सेंटर का उद्घाटन विधायक आलोक चौरसिया ने किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि डालटनगंज में प्रतिष्ठित पारस एचइसी हॉस्पिटल के नये सेंटर का लाभ स्थानीय मरीजों को होगा। मरीजों को अब डॉक्टर से मिलने के लिए रांची जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह सुविधा खासकर उन मरीजों के लिए फायदेमंद होगी जो लंबी दूरी तय करने में असमर्थ हैं या जिन्हें तुरंत विशेषज्ञ राय की जरूरत होती है। इससे मरीजों का समय बचेगा और यात्रा खर्च भी कम होगा। उम्मीद है कि इस सेंटर के शुरू होने से पलामू और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और बेहतर होगी।

हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा
पारस एचईसी हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा कि डालटनगंज में शुरू किया गया यह इंफॉर्मेशन सेंटर क्षेत्र के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सेंटर में अनुभवी चिकित्सा टीम की निगरानी में मरीजों को गंभीर बीमारियों से जुड़े इलाज, जांच और आगे की प्रक्रिया को लेकर उचित मार्गदर्शन दिया जाएगा। मरीजों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 80 80 80 80 69 जारी किया गया है। इस नंबर पर कॉल कर लोग रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और परामर्श का समय बुक कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस सेंटर के माध्यम से अब दूर-दराज के मरीज भी बिना रांची आए विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे जुड़ सकेंगे। टेली-कंसल्टेशन सुविधा से मरीजों को समय पर सही सलाह मिलेगी, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज में देरी नहीं होगी। डॉ. कुमार ने यह भी कहा कि सेंटर का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को हर जरूरतमंद तक पहुंचाना है। यह सेंटर न केवल परामर्श देगा, बल्कि मरीजों को सही इलाज, जांच और आगे की प्रक्रिया के लिए मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएगा। इस अवसर पर सीनियर कंसल्टेंट न्यूरोसर्जन डॉ अरुण कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।
News 4 Public के लिए कुमारी श्रुति की रिपोर्ट











